Sep 25, 2007

उत्तर-पूर्व भारत यात्रा संस्मरण (भाग ३): मेघालय ...

चेरापूंजी को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। वर्षा के लिए विश्व प्रसिद्ध ये जगह प्राकृतिक रुप से काफी धनी है। गुवाहाटी से शिलांग और फिर चेरापूंजी जाते हुए अद्वितीय हरियाली देखने को मिली। मेघालय की बात हो और बादलों की चर्चा ना हो ऐसा कैसे हो सकता है। हरी -भरी घाटियों में तैरते हुए बदल ... और फिर बादलों से होकर गुजरना... ।

शिलांग से चेरापूंजी के मार्ग में बने व्यू प्वाइंट से हरी घाटी मन को मोह लेती है। चेरापूंजी पहुचने के बाद अगर आप भाग्यशाली हैं तो बादलों के बीच से नोह-कलि-कई जलप्रपात दिख ही जाएगा। ये तो आपके मन को मोह ही लेता है। दूर से गिरते हुए स्वच्छ जल का दृश्य अत्यंत ही मनोरम होता है। फिर घाटी की दूसरी तरफ से सात कन्या जलप्रपात का दृश्य हो या फिर ठंग्खारंग पार्क से बंगलादेश का दृश्य। मनोरम दृश्यों के मामले में कहीं भी निराशा नहीं हुई।

और फिर वो अनुभव जो शायद मेघालय के अलावा कहीं और नहीं मिल सकता। गुफाओं से गुजरने का मज़ा... । मेघालय सैलानियों को कई गुफाएं देता है। पर एक-दो को छोड़कर बाक़ी आम अनुभवहीन लोगो के लिए खुले नहीं है। मव-समाई गुफाओं ने प्रकृति के करीब पंहुचा दिया। अगर आप थोड़े मोटे हैं तो फंस भी सकते हैं :-) । गुफाओं की दीवारों की अद्वितीय प्राकृतिक संरचना और उन पर चमकती पानी की बूँदें... गुफा से निकलने के बाद की हरियाली भी तो ध्यान आकर्षित करते हैं। मेरे कमरें से उतनी अच्छी तस्वीरें नहीं आ पायी पर इस Link पर कुछ अच्छी तस्वीरें हैं।

इन सब के बाद भी अव्यवस्था तो मन में खटकती ही है। इन सभी जगहों पर सुविधाओं का अत्यंत ही अभाव देखने को मिला। और फिर स्थानीय युवकों की 'फाइट माँगता है'... कानून व्यवस्था की धज्जिया उड़ाते हुए लोग भी मिले। यहाँ फाइट माँगता हैं के बारे में आपको बताता चलूँ... हमारी गाड़ी को कुछ युवकों ने शिलांग के कुछ पहले रोका तो ड्राइवर ने बिना कुछ पूछे उन्हें ३० रुपये पकड़ा दिए। बाद में उसने बताया कि उन सभी गाड़ियों से जिनका नंबर मेघालय का नहीं है, वे पैसे वसूलते हैं। अगर किसी पर्यटक या गाड़ी वाले ने मन किया तो फिर... 'फाइट माँगता है... ' अर्थात् उनसे लडाई करनी पडेगी। अपने देश में ही अपने हमउम्र युवकों कि दशा देखकर तथा उससे जनित सोच को देखकर बहुत दुःख हुआ... ।

शिलांग में एलिफैन्टा जलप्रपात दर्शनीय है... पहले कभी ये हाथी की तरह दिखता था... पर भूकंप के कारन क्षति ग्रस्त होने के बावजूद आपको निराश नहीं करेगा । अगर आप म्यूजियम और चर्च में ज्यादा रूचि नहीं रखते तो फिर शिलांग व्यू प्वाइंट सबसे अच्छी जगह है। यहाँ से आप शिलांग देख सकते हैं और फिर पहाड़ियां तो दिखती ही हैं। हाँ मेघालय का मजा तभी है जब मौसम साथ दे... अन्यथा आप कई दृश्य नहीं देख पायेंगे। और फिर वहाँ की बारिश का भी अपना ही मजा है। आपको पता ही नहीं चलेगा की कहॉ तक बादल हैं ... और कहॉ से बारिश शुरू हो रही है। हमारी किस्मत अच्छी थी हमने बारिश के साथ-साथ दृश्यों का भी अनंद लिया।

गुवाहाटी और शिलांग के बीच में बड़ा पानी झील भी रुकने लायक जगह है। गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र, कामाख्या, फैंसी बाज़ार , कला क्षेत्र, महर्षि वशिष्ठ का आश्रम इत्यादी दर्शनीय है। ब्रह्मपुत्र की चौड़ाई और धार देखकर आप एक बार जरूर मोहित होंगे और फि टापू पर बना उमानंदा मंदिर भी तो है।


बड़ा पानी झील

मव-समाई गुफा का एक दृश्य

शिलांग

~Abhishek Ojha~

Jun 1, 2007

ये कमी तो रहेगी...



इस बार भी संस्थान परिसर में आते समय ये महसूस नहीं हुआ कि अब ये परिसर मेरा नहीं रहा। इस जगह से लगाव ही कुछ ऐसा हो गया है... । यहाँ प्रवेश लेते समय लोगो ने कहा था ... पाँच साल बहुत होते हैं, ऊब जाओगे । आज लग रहा है... कितने कम होते हैं। कैसे बीत गए पता ही नहीं चला... पर अनगिनत यादें, अनुभव, अनमोल दोस्त... सभी कुछ तो दे गए। यहाँ आते समय बच्चे थे... शायद अब नहीं रहे।

पिछले पाँच सालो से यह परिसर और कानपुर हर योजना का केंद्र रहा। धीरे-धीरे घर की जगह संस्थान के कमरे को केंद्र में रखकर यात्राएं निर्धारित होने लगी... कानपुर सेन्ट्रल से गुजरने वाली रेलगाडियों की समय-सारणी याद हो गयी... ।

इतनी यादें हैं... ऐसी यादें हैं... जिन्हे लिखा नहीं जा सकता। जिनकी कमी सबसे ज्यादा महसूस होगी, उनके बारे में तो एक पंक्ति भी नहीं लिखी जा सकती... । उन मित्रों के बारे में क्या लिख सकता हूँ... लिख दिया तो फिर बाक़ी चीजों के बारे में क्या लिखूंगा... 'जनु राकेस उदय भएँ तारे'। एक साथ, एक जगह इतने अच्छे लोग और ऐसी निस्वार्थ मित्रता शायद ही कहीँ मिले।

पता नहीं कितनी कक्षाओं में सोया..., १०० से ज्यादा मिड-सेमेस्टर परीक्षायें, ५० से ज्यादा एंड-सेमेस्टर और अनगिनत क्विज़ दिया। हमेशा इनके नाम से डर लगा... आज फिर से परीक्षायें देने का मन कर रह है। प्रोफेसरों पर फिर ग़ुस्सा करने का मन कर रह है। आज जिंदगी में पहली बार 'फेल हो गया होता' ये ख्याल अच्छा लग रहा है। थोड़े दिन और सही यहाँ रह तो जाता...!

आज दीक्षांत समारोह में अचानक ये सुना कि हम ग्रेजुएट हो गए... हम IITK के अलुम्नी हो गए। आज तक ये शब्द तो काफी अच्छे लगते थे पर आज पता चला ... इनकी student शब्द के सामने कोई औकात नहीं। इन पाँच सालो के हर एक पल कि कमी तो जीवन में शायद ही कभी पूरी हो पायेगी। कुछ नियमित कार्य जो दिनचर्या का हिस्सा बन गए थे... उनकी कमी ज्यादा खलेगी।

दोस्त और अनिश्चित कल तक चलने वाले बिना किसी विषय के वार्तालाप (bulla),
द्वितीय छात्रावास (आज भी वहां जाने पर ऐसा महसूस होता है जैसा वहाँ हमारा बचपन गुजरा हो),
दौलत रामजी जैसे लोग,
२००२ कि ठंड,
कक्षाओं में सोना,
दुनिया का सर्वश्रेष्ठ LAN ,
कुछ प्रोफेसर,
MT कि चाय, (अन्तिम वर्ष में MT जाना चालू किया था)
बुक क्लब कि पुस्तकें,
LAN गेम्स देखना (कभी खेला नहीं पर देखने का अपना ही मज़ा है),
संस्थान में होने वाले व्याख्यान,
मोटे कि बाइक और हिंदी अख़बार,
IITK कि विशिष्ट शब्दावली,
Internships,
झगडे :-),
मूवीस (कभी-कभी एक दिन में ४) , पुस्तकें (सप्ताह में एक),
NewsGroups,
trips,
असीमित सुविधायें,
संस्थान की हरियाली और पंछी,.....

काश! ये सूची कभी पूरी हो जाती... ।

बस २००६ में पहली बार गर्मी कि छुट्टीयों के बाद यहाँ आने का मन नहीं कर रहा था। चार वर्षीय पाठ्यक्रम वाले सारे दोस्त चले गए थे। पर बचे हुए पाँच साल वाले... हमने जिंदगी कुछ यूं ढाली की अन्तिम वर्ष और भी यादगार हो गया। ये जगह ही कुछ ऐसी है... और ये लोग ही कुछ ऐसे हैं... ।

क्या नहीं दिया इस संस्थान ने... आगे जिंदगी का रुख जो भी हो... पर ये कमी तो रहेगी...।
या यूं समझ लिजीये... इस जगह को भूलना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।

Dancing in Campus

खैर, हर एक अंत एक नयी शुरुआत के लिए होता है। शाम हुई है तो एक नया सवेरा भी होगा... और जैसे बरसात किसान के लिए सुखदायी और कुम्हार के लिए दुखदायी होती है... किसी के लिए ये नयी सुबह लेकर आएगा... उनके लिए शुभकामनायें... ।



Abhishek Ojha
1st june 2007
३९वाँ दीक्षांत समारोह, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर
कैम्पस से किया गया आखिरी पोस्ट

May 31, 2007

उत्तर-पूर्व भारत... यात्रा संस्मरण (भाग २): दार्जिलिंग

सिक्किम की तरह दार्जिलिंग की प्राकृतिक सुन्दरता में भी भगवान ने कोई कंजूसी नहीं की है। वैसे यहाँ आपको बता दें कि दार्जिलिंग भी कभी सिक्किम का हिस्सा हुआ करता था। १८३५ में अंग्रेजो ने लीज पर लेकर इसे हिल स्टेशन की तरह विकसित करना प्रारम्भ किया। फिर चाय की खेती और दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की स्थापना और शैक्षणिक संस्थानों की शुरुआत भी हुई। कुछ इस तरह से 'क्वीन ओफ हिल्स' का विकास शुरू हुआ।


मौसम और प्राकृतिक छटा तो मनमोहक है... पर अनियोजित शहरीकरण/विकास, बेलगाम यातायात तथा प्रदूषण मन को दुखित कर देते हैं। पानी की किल्लत तो पूरे शहर में है। सिक्किम में प्राकृतिक छटा के अलावा बाक़ी जिन चीजों ने मन मोह लिया था उन सबकी कमी महसूस हुई। सड़क पर दुकान लगाना आम बात है... सिक्किम की तरह आवागमन के लिए कोई निर्धारित किराया सूची भी नहीं है। पीछे लग जाना तो कुछ नहीं... अगर आपके होटल के कमरे में भी कोई कुछ बेचने आ जाये तो घबराने की जरुरत नहीं है। और पालीथीन?... हम जिस दिन दार्जिलिंग पहुचे उसी दिन प्रतिबंधित हुआ, शायद अब कोई जाये तो कम दिखे। सिक्किम से आते हुए हम मल्ली नाम की जगह पर राफ्टिंग के लिए रुके तो एजेंट्स कुछ यूं पीछे पडे और आपस में इतना झगड़ा किया कि... राफ्टिंग के ६ घंटे बाद तक हम ठगा हुआ महसूस करते रहे। 'कोस कोस पर पानी बदले, चार कोस पर बानी' ये सुना तो था पर लोगो का व्यवहार भी इतनी जल्दी बदल जाएगा... कभी सोचा ना ।

सिक्किम से दार्जिलिंग जाते समय रास्ते में पडने वाले जंगल, तीस्ता और रंगीत नदियों का संगम देखने योग्य है। चाय के बगान और देवदार के जंगल भी अच्छा दृश्य बनाते हैं। टाइगर हिल पर व्यतीत की गई सुबह , चाय बगान, नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम जैसी जगहें अच्छी तो लगी लेकिन इनके अलावा वो कुछ नहीं दीखा जो मन को भा जाये। एजेंट्स को तो बस लगता था की हमारा ही इंतज़ार था... और बस हमीं से वो राजा बन जायेंगे। अरे भाई! मुर्गी को मार देने से क्या मिल जाएगा... संयम रखो तो रोज़ एक अंडा तो मिलेगा। विकास के नाम पर बनी अनियोजित और अदूरदर्शी कंकरीट की इमारतें... पानी की किल्लत... प्रदूषण ... अरे बख्स दो यार !

दार्जिलिंग हिमालयन रेल में व्यतीत किया गया समय भी यादगार रहा। दार्जिलिंग हिमालयन की बात आयी तो ये बता दें की १८७९ में इसका निर्माण कार्य प्रारम्भ हुआ था। ८८ किलोमीटर में कुल ३ लूप, ६ ज़ेड रिवर्सल और १३ स्टेशन पड़ते हैं। १९९९ से यह यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल है। अभी भी वाष्प से चलने वाले पूराने इंजन इस्तेमाल किये जाते हैं।

५० साल पहले दार्जिलिंग कैसा था ये देखकर ही अनुमान लगाया जा सकता है... आज उजड़ा हुआ लगता है। सोच कर ये दुःख तो होता ही है ... परायों ने अच्छा रखा था... हम ये क्या कर रहे हैं... । प्राकृतिक सुन्दरता तो अभी बरकरार है पर ऐसा ही चलता रहा तो आख़िर कब तक बच पायेगा।



दार्जिलिंग हिमालयन रेल के भीतर

नाइटिंगल पार्क


रेल तो खूबसूरत जगहों से गुज़र रही है... पर क्या आपको प्लास्टिक भी नज़र आ रहे है?

सांस्कृतिक कार्यक्रम: नाइटिंगल पार्क

रेड पांडा: नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम

बोटानिकल गार्डन

शहर और चाय बगान


बादलों का घेरा

बोटानिकल गार्डन

बोटानिकल गार्डन

हैप्पी वैली चाय बगान

बोटानिकल गार्डन

बोटानिकल गार्डन

बोटानिकल गार्डन

तेंज़िंग रॉक: हिमालयन माउन्टैनियरिंग संस्थान का ट्रेनिंग स्थल

बतासिया लूप: दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे

दार्जिलिंग का मुख्य चौराहा

गोमू रॉक: हिमालयन माउन्टैनियरिंग संस्थान का ट्रेनिंग स्थल



तुम क्या जानो जीवन कितना कठिन है?... तस्वीर ले लो दुनिया को दीखाना!

तीस्ता और रंगीत का संगम

टाइगर हिल


मल्ली में तीस्ता