Jan 31, 2008

देवासुर संग्राम और पोलीथिन की थैलियों को मिले अमरत्व की कहानी !

कलयुग में दिन दुनी रात चौगुनी वाली कहावत चरितार्थ करने वाली कोई निर्जीव चीज़ है तो वो है 'पोलीथिन की थैलियाँ' . हमने इस विषय पर बहुत शोध किया कि आख़िर इन्हे ये वरदान कब मिला?

अंततः उत्तर मिल ही गया!

बात देवासुर संग्राम के समय की है. निस्तेज देवताओं को विष्णु भगवान ने सुझाव दिया कि असुरों से दोस्ती कर लो और समुद्र मंथन करके अमृत का पान करो... समुद्र मंथन हुआ और उसमें से कई वस्तुएं निकली और अंत में धन्वन्तरिजी अमृत लेकर भी आये... और उसे बांटने के लिए भगवान विष्णु को विश्वमोहिनी का रूप धारण करना पड़ा. और जैसा की जगजाहिर है... राहू नामक असुर देवताओं की पंक्ति में जा बैठा और अमृतपान करने लगा.

विश्वमोहिनी को देख कर तो ब्रह्मा और महेश का मन भी डोल रहा था फिर राहू का तो कहना ही क्या? हाथ में अमृत और पिलानेवाली स्वयं मोहिनी... पर अभी अमृत कंठ तक गया ही था कि चंद्रमा और सूर्य ने चिल्लाना शुरू कर दिया... भगवान तो ठहरे भगवान तुरत सुदर्शन लिया और कर दिए दो टुकडे...
कंठ का अमृत... आधा ऊपर... आधा नीचे... एक बूंद जमीन पर भी टपक गया. ऊपर नीचे का मामला तो ठीक...एक राहू और एक केतु... लेकिन उस बूंद का क्या? राहू का रक्त, अमृत, सुदर्शन का तेज और राहू के मन में उपजा हुआ काम सब का संगम था उस बूंद में... पृथ्वी से स्पर्श होते ही एक नए पदार्थ कि उत्पति हो गई. अब भगवान ने सोचा कि इस नई मुसीबत का क्या करें?

देवाताओं का तेज तो वापस आ ही गया था... बगल में बैठे पवनदेव बोल पड़े 'अरे इसमें क्या रखा है, मैं तो इसे अभी उड़ा दूंगा... भटकता रहेगा ब्रह्माण्ड में'. वरुणदेव को भी जोश आ गया... बोले 'मैं तो इसे अपने अन्दर समाहित कर लूँगा'.
भगवान ने सोचा चलो ये भी अच्छा सुझाव है. पर वो तो ठहरे दीनदयाल, पालनहारी... उन्होंने सोचा कि देवताओं को तो बहुत कुछ मिल गया, असुरों ने भी अमृत चख ही लिया, मानव जाति को भी तो कुछ मिलना चाहिए! और साथ में पवन और वरुण देव का घमंड भी भांप गए. उन्होंने घोषणा की...
'हे पवनदेव! आपकी इच्छा पूर्ण होगी और मानवजाति को भी मैं आज एक नई वस्तु प्रदान करता हूँ. यह अमृतयुक्त, कभी नष्ट नहीं होने वाला पदार्थ मानवजाति को प्राप्त हो, यह दिनोदिन बढोत्तरी करे... और हे पवनदेव आप अपने बल से इसे पूरी पृथ्वी पर उडाते रहे, हे पवनदेव और वरुण देव आपने इस देवासुर सभा में अपने घमंड का प्रदर्शन किया है इसलिए जब तक मैं कल्कि अवतार नहीं धारण कर लेता यह वस्तु आप दोनों को प्रदूषित करती रहेगी'.

वही वस्तु आगे चलकर प्लास्टिक की थैलियों के रूप में विकसित हुई और हर जगह जल और हवा के प्रदुषण का कारण बन रही है.

अब तो पवनदेव और वरुणदेव के साथ मुझे भी भगवान के अवतार का ही इंतज़ार है... अब तो वही रक्षा कर सकते हैं.


~Abhishek Ojha~

Jan 28, 2008

दहेज़ विरोधी होने का मतलब ये तो नहीं कि मैं भी दहेज़ ना लूँ !

क्यों? है ना अच्छा विचार ! एक बार दहेज़ ले लो... फ़िर उठा लो झंडा दहेज़ विरोध का ! वैसे दहेज़ प्रथा के समर्थन में कई तर्क सुन चुका हूँ, शायद आपको कुछ अजीब लगे लेकिन तथाकथित बड़े-बड़े बुद्धिजीवियों से मैंने ये तर्क सुने हैं...

जैसे... 'दहेज़ से अर्थव्यवस्था को बहुत फायदा होता है... अब गाड़ियों को ही ले लो, साल भर कार और बाइक के शोरूम वाले बैठ के झक मारते हैं और शादियों का मौसम आते ही शोरूम में गाड़ियों की कमी पड़ जाती है... इसी प्रकार कई प्रकार के जवाहरात, फ्रीज़ और टीवी की विक्री उन दिनों में बढ़ जाती है. 'कंज्यूमर बेस्ड इकोनोमी' के लिए तो जरूरी है कि लोग पैसे खर्च करें... '. ब्लैक मनी को व्हाइट मनी बनाने में भी काफ़ी हद तक दहेज़ प्रथा मदद करती है.

एक और बहुत ही अच्छा तर्क मुझे सुनने को मिला... हाल ही मेरे एक मित्र से.. उन्होंने कहा कि मैं तो भाई दहेज़ लेने के बिल्कुल ख़िलाफ़ हूँ पर मेरा मानना ये है कि पिता कि संपत्ति पर बेटे और बेटी को समान हक़ होना चाहिए और मैं चाहूँगा कि मेरी होने वाले ससुर को... जो भी उन्हें देना हो... मुझे नहीं अपनी बेटी के नाम दे, अगर रुढिवादी विचार वाले माँ बाप अपनी बेटी को उसका हक नहीं देना चाहते तो मैं ऐसे घर में शादी नहीं कर सकता.
चलो ये भी अच्छा तर्क है।

और ऐसे रोल मोडलों की भी तो कोई कमी नहीं है... जब DLF के कुशल पाल सिंह अपने ससुर का धंधा चमका सकते हैं ... तो हमें भी उनको आदर्श मानते हुए... कम से कम कोशिश तो करनी ही चाहिये।

खैर, इन बातों में मैं ये तो भूल ही गया कि लिखना क्या था ! हाँ तो अभी कल कि बात है मैंने ओरकुट पर एक मित्र को देखा कि उन्होंने 'आई एम् अगेन्स्ट डोरी' कम्युनिटी ज्वाइन कर रखी है. मित्र तो नहीं कहेंगे क्योंकि मैं पहली बार उनसे ओरकुट पे ही मिला था और उम्र में भी वो मुझसे काफ़ी बड़े हैं, और आजतक मैं उनसे ऑफलाइन मिल भी नहीं पाया।

हाँ, तो ये सज्जन बड़े ही ऊँचे विचार वाले हैं और समय-समय पर देशभक्ति और अच्छे विचारों से भरे हुए मेल्स फोरवर्ड करते रहते हैं. आपको ये भी बता दूँ की ये एक इज्जतदार घर से हैं और इनका गाँव हमारे गाँव के पड़ोस में पड़ता है. इनकी शादी जब कुछ ३-४ साल पहले हुई थी तब मैं छुट्टियों में घर गया हुआ था और हमारे गाँव में ये आम चर्चा थी कि.... क्या शादी हुई है ! ... कुछ १० लाख नकद और बाकी पता नहीं क्या-क्या मिला था उनको. वैसे तो उन्होंने ओरकुट पे ढेर सारी कम्युनिटी ज्वाइन कर रखी है, पर गलती से मुझे ये कम्युनिटी दिख गई... और फिर ये उत्तम विचार मेरे दिमाग में आ गया...

क्यों है ना उत्तम विचार?

~Abhishek Ojha~

Jan 24, 2008

७.१ डालर का अभी तक का सबसे बड़ा फ्रौड़... ।

बहुत दिनों से सोच रहा था कि इनवेस्टमेंट बैंकिंग के बारे में लिखूंगा... अपना ६ महीने का अनुभव... और इस इंडस्ट्री के बारे में मेरा थोडा-बहुत ज्ञान... । पर आज कुछ ऐसा पढ़ लिया... कि लिखना ही पड़ा। इनवेस्टमेंट बैंकिंग का मेरा पसंदीदा हिस्सा... फ्रोड़ !! इतने नियम, इतनी पाबंदियाँ... फिर भी ऐसे-ऐसे कारनामे कि बड़ी-बड़ी कंपनियाँ सड़क पर आ जाएँ... ट्रेडरों ने कितनी कंपनियाँ डूबा दी... खैर बाकी कहानियाँ फुरसत में लिखी जायेंगी... पहले आज कि कहानी....

फ़्रांस के बैंक Societe Generale को ७.१ अरब डालर का नुकसान हुआ है... केवल एक आदमी के कारण. आप ये ख़बर यहाँ और यहाँ पढ़ सकते हैं... है ना बड़ी ख़बर... पर मजे कि बात ये हैं कि इनवेस्टमेंट बैंकिंग से जुड़े हुए लोगो को ये कुछ ज्यादा अजीब नहीं लगा... जैसा कि लीमैन के चेयरमैन ने कहा ... 'मैं स्तम्भित नहीं हूँ, आजकल मुझे कुछ भी अजीब नहीं लगता... ' ।

अभी तक निक लिसन के कारनामे मुझे सबसे ज्यादा पसंद थे.... जिन्होंने अकेले ही बियरिंगस बैंक को दिवालिया कर दिया था... अब लगता है कि ये कहानी उसको पीछे छोड़ देगी। ऐसी बहुत सी कहानियाँ हैं और मैंने बहुत कुछ सोच रखा है, इनवेस्टमेंट बैंकिंग की जिंदगी के बारे में लिखने के लिए... पर समय का अभाव.... आज ऐसी खबर मिल गयी तो शुरुआत करनी पड़ गयी... ।
हिन्दी में ये खबर आप यहाँ पढ़ सकते हैं।
वैसे २० सबसे बडे ट्रेडिंग फ्रौड़ के बारे में यहाँ पढ़ सकते हैं।


~Abhishek Ojha~